Ranchi News:- धुर्वा डैम में हुए दर्दनाक हादसे में डूबे चौथे पुलिसकर्मी का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया, जिसके बाद घटना में कुल चार लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। मृतक की पहचान सरकारी चालक सत्येंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज (पीडीजे), जमशेदपुर की सुरक्षा टीम का हिस्सा थे।
हटिया डीएसपी पीके मिश्रा ने बताया कि रविवार को भी डैम में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। सोमवार सुबह एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने खोज जारी रखी, जिसके बाद पानी में तैरता हुआ शव मिला।
इससे पहले तीन अन्य पुलिसकर्मियों—उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर और चालक अनिल सिंह—के शव डूबी हुई कार के भीतर से बरामद किए जा चुके थे। तीनों की मौत कार के अंदर फंसने और पानी भर जाने से हुई थी।
घटना 14 नवंबर की रात घटी, जब जज की सुरक्षा टीम सरकारी वाहन से लौट रही थी। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर सीधे डैम के गहरे पानी में जा गिरी। अगले दिन 15 नवंबर की सुबह स्थानीय लोगों ने पानी में गाड़ी डूबे होने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सर्च अभियान के दौरान डैम के तल से कार को निकाला गया, जिसमें तीन शव मिले। हालांकि चालक सत्येंद्र सिंह कार के भीतर नहीं था। पुलिस की प्रारंभिक आशंका थी कि डूबते समय वह बाहर निकलने की कोशिश में कार से कूद गया होगा और तेज पानी में बह गया होगा।
लगातार दो दिनों की तलाश के बाद सोमवार सुबह चौथे शव के मिलते ही बचाव कार्य आधिकारिक रूप से समाप्त कर दिया गया है। इस हादसे ने जिले में सुरक्षा प्रबंधन और रात के समय सड़क मार्गों पर सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

