Dhanbad News : झारखंड के धनबाद में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सोमवार तड़के धनबाद और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन चलाकर गैंग के तीन गुर्गों को दबोच लिया. इस दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अपराधी भागने के दौरान घायल हो गया.
मुठभेड़ में दो अपराधियों के पैर में लगी गोली
जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ धनबाद के भागाबांध ओपी और जोड़ापोखर ओपी क्षेत्र के बॉर्डर इलाके में हुई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के कुछ सदस्य इलाके में मौजूद हैं. सूचना के आधार पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस कार्रवाई में अमन सिंह उर्फ कुबेर और विक्की डोम के पैर में गोली लगी.
भागने के दौरान एक आरोपी का पैर टूटा
मुठभेड़ के दौरान तीसरा आरोपी अफजल अमन पुलिस से बचने के लिए एक खंडहरनुमा इमारत से कूद गया. इस दौरान उसका पैर टूट गया और वह घायल हो गया. घायल तीनों आरोपियों को इलाज के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
एसएसपी प्रभात कुमार ने की घटना की पुष्टि
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने इस पूरे मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस को अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी. उन्होंने बताया कि अमन सिंह पलामू का रहने वाला है, जबकि विक्की डोम और अफजल अमन धनबाद के निवासी हैं.
पहले की फायरिंग घटनाओं में भी शामिल था गैंग
पुलिस के मुताबिक यह गैंग हाल ही में कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है. रांची के एयरपोर्ट रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और धनबाद के वासेपुर आर मोड के पास हुई गोलीबारी की घटना में भी इसी गैंग का हाथ बताया जा रहा है. पुलिस इस गैंग की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है.
Read More : Dhanbad News : SIR को लेकर कांग्रेस ने शुरू की जागरूकता मुहिम, ग्रामीण इलाके में लोगों को दी जानकारी
कुछ दिन पहले भी हुई थी मुठभेड़
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी धनबाद के भुईफोड़ इलाके में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के एक गुर्गे के बीच मुठभेड़ हुई थी. उस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी थी, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया था. हालांकि पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया था. फिलहाल इस ताजा मुठभेड़ के बाद पुलिस पूरे इलाके में सघन जांच और छापेमारी कर रही है.
