Garhwa News :- झारखंड के गढ़वा जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के सरांग गांव में रेखा देवी हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में मृतका के देवर विकेश चन्द्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है।
एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि रेखा देवी की हत्या अवैध संबंध के संदेह में उनके देवर ने की। जानकारी के मुताबिक, 24 जून को रेखा देवी का शव गांव के बाहर संदिग्ध हालत में बरामद किया गया था। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे।
परिजनों ने बताया कि रेखा देवी 22 जून की रात 11 बजे घर से बाहर निकली थी, यह कहकर कि वह डोरी चुनने जा रही है, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। इसके बाद पति राकेश चन्द्रवंशी ने थाना में उसकी गुमशुदगी और हत्या की आशंका को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस अनुसंधान के दौरान मृतका के देवर विकेश से पूछताछ की गई। पूछताछ में विकेश ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि भाभी पर गांव के कुछ लोगों से अवैध संबंध रखने के आरोप लग रहे थे। इससे गांव में बदनामी हो रही थी और लोग ताना मारते थे।
कई बार समझाने के बावजूद जब रेखा देवी ने अपनी आदत नहीं बदली तो विकेश ने गुस्से में आकर डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
गिरफ्तारी के बाद विकेश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह, थाना प्रभारी राहुल सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

