Ramgarh News:- झारखंड के नेमरा गांव में 16 अगस्त को झारखंड आंदोलन के प्रणेता देशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का प्रतीक होगा, बल्कि व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से भी ऐतिहासिक साबित होने वाला है।
कार्यक्रम में देशभर से लगभग पांच लाख लोगों के आने का अनुमान है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और कई अन्य वीआईपी हस्तियां इसमें शामिल होंगी। अतिथियों की सुविधा के लिए 300 ई-रिक्शा सेवा और अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही गोला से सिल्ली तक नई सड़क और नेमरा जाने वाली सड़कों की मरम्मत का काम तेज़ी से पूरा किया जा रहा है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए आईएएस राहुल सिन्हा को प्रभारी बनाया गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 9 आईपीएस और 40 डीएसपी अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। इनमें आईपीएस 14 से 17 अगस्त तक और डीएसपी 12 से 17 अगस्त तक ड्यूटी पर रहेंगे। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है।
हवाई यातायात के लिए चार हेलीपैड बनाए गए हैं। इनमें से तीन मुख्यमंत्री आवास के पास और एक लुकईटांड़ रोड पर स्थित है। अतिथियों के स्वागत के लिए आयोजन स्थल पर 300 मीटर लंबा भव्य स्वागत द्वार तैयार किया गया है।
सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र में 40 ड्रोन कैमरे और 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को नो-व्हीकल ज़ोन घोषित किया गया है। नेमरा में गुरुजी के पैतृक घर के 300 मीटर दायरे में बैरिकेडिंग कर दी गई है, जहां सिर्फ वीआईपी और करीबी लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
विशिष्ट अतिथियों को निमंत्रण कैबिनेट सचिवालय द्वारा भेजा जाएगा, जबकि राज्य के लोगों के लिए झामुम जिला समिति ने निमंत्रण पत्र वितरण शुरू कर दिया है। प्रशासन और आयोजन समिति की संयुक्त तैयारियों से उम्मीद है कि यह श्रद्धांजलि सभा ऐतिहासिक रूप से यादगार बनेगी।

