Deoghar: बाबा नगरी बैद्यनाथधाम में सावन के पहले दिन ही साेमवार काे कांवड़ियों की भीड़ रही। सावन की पहली सोमवारी को लगभग सावा लाख से अधिक कांवरियों ने जलार्पण किया। भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा माहौल गुंजायमान रहा। शिवालयों और मंदिरों में भक्तों भारी भीड़ उमड़ी।

सुबह तीन बजे मंदिर का पट खुला और समय के साथ कांवड़ियों की कतार भी बढ़ती चली गई। कांवड़ियों की कतार चार किमी से अधिक लंबी नजर आया। कांचा जल स्नान व पारंपरिक पूजा विधि-विधान से बाबा बैद्यनाथ के मनोकामना लिंग की पूजा की गई। इसके बाद बाह्य अरघा से जर्लापण शुरू किया गया। जलार्पण के लिए कांवड़ियों की कतार तड़के सुबह बरमसिया चौक तक पहुंच गई थी। लगभग चार किलोमीटर तक शिवभक्तों की गूंज से इलाका बोल बम से गुंजायमान रहा। सभी कांवड़ियां कतारबद्ध हो कर बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहे थे।
जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ती चली गई। मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्था से संतुष्टि जाहिर की। मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि भीड़ अत्यधिक है। जो भक्त लाइन में खड़े होकर जलाभिषेक नहीं कर पाए और वे मंदिर परिसर में प्रणाम करके चले गए। देवघर मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ से पटा रहा। पहली सोमवारी में रिमझिम बारिश भी हो रही थी, जिससे श्रद्धालु काफी उत्साहित थे। मंदिर परिसर में प्रशासन की तरफ से विशेष इंतजाम किया गया था। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो इसका खास ख्याल रखा जा रहा था। हर तरफ पुलिस बल तैनात था। चप्पे-चप्पे पर पहरेदारी की जा रही थी।