Patna News:- पटना जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां गांव में मासूम भाई-बहन की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार को हुई इस दिल दहला देने वाली घटना के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बाजार बंद रहा और लोगों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि नगवां निवासी ललन गुप्ता की 15 वर्षीय बेटी अंजलि कुमारी और 10 वर्षीय बेटा अंशु गुरुवार दोपहर स्कूल से लौटे थे। कुछ ही देर बाद जब उनकी मां शोभा कुमारी ड्यूटी से लौटीं तो देखा कि घर का दरवाजा खुला है। घर के अंदर सन्नाटा पसरा हुआ था और बच्चों की आवाज भी नहीं आ रही थी। अंदर जाकर देखा तो एक कमरे में बेटी का जला हुआ शव बिस्तर पर पड़ा था। दूसरे कमरे में बेटे का भी शव मिला, उसका शरीर भी आंशिक रूप से जला हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को लोगों ने दुकाने बंद रखीं और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अब तक आरोपी की पहचान नहीं कर पाई है। हालांकि, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट से बच्चों की मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल तकनीकी जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच जारी है।
इस जघन्य अपराध ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों है, वहीं पुलिस की धीमी कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।

