Jammu News:- जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को भारी बारिश और भूस्खलन ने तबाही मचा दी। वैष्णो देवी मार्ग पर हुए भूस्खलन में छह श्रद्धालुओं समेत अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। हालात बिगड़ने के बाद माता वैष्णो देवी की यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। यह हादसा त्रिकुटा पहाड़ी स्थित मंदिर के घुमावदार रास्ते पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आने से कई लोग दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। सेना की तीन राहत टुकड़ियों को तुरंत कटरा और आसपास के इलाकों में तैनात किया गया। सेना का एक दल अर्धकुंवारी में राहत कार्य में जुटा है, जबकि दूसरा दल ठाकरा कोट मार्ग पर और तीसरा दल जौरियां के दक्षिणी हिस्से में लोगों की मदद कर रहा है। सेना और नागरिक एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर हालात की पूरी जानकारी दी और केंद्र से हरसंभव मदद की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।
लगातार हो रही बारिश से जम्मू संभाग ही नहीं बल्कि कश्मीर घाटी में भी भारी तबाही हुई है। कई पुल टूट गए, मोबाइल टावर और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे दूरसंचार और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। लाखों लोग संचार सेवाओं से कट गए हैं।
इधर, जम्मू-श्रीनगर और किश्तवाड़-डोडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है। कई पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इसके साथ ही जम्मू आने-जाने वाली कई ट्रेनों को भी रद्द करना पड़ा है। प्रशासन और राहत दल लगातार प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद में जुटे हुए हैं।

