Palamu News:- पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पनेरीबांध गांव के गली नंबर-3 में स्थित एक निर्माणाधीन मकान की सेप्टिक टंकी से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान पाटन प्रखंड के सहदेवा गांव निवासी सुदामा ठाकुर (पिता मनोज ठाकुर) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, यह मकान अभी निर्माणाधीन था और रोज की तरह मजदूर और मिस्त्री काम करने पहुंचे थे। तभी उन्होंने देखा कि सेप्टिक टंकी के पानी में एक शव तैर रहा है। मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। जांच में पाया गया कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है—पहले गला दबाया गया और उसके बाद पत्थर से चेहरा कूच दिया गया। शव के पास लगे निशान भी इस बात की पुष्टि करते हैं।
घटनास्थल के करीब एक कार भी खड़ी मिली है जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के समय मृतक के साथ अन्य लोग भी वहाँ मौजूद थे और शराब पीने के सबूत भी मिले हैं।
बताया जाता है कि सुदामा पिछले कई वर्षों से पनेरीबांध गांव में अपने भाई और भाभी के साथ रहता था तथा शाहपुर के विवेकानंद चौक पर सैलून चलाता था। परिजनों ने बताया कि वह शाम को दुकान से सब्जी लेने निकला था, लेकिन न तो दुकान वापस लौटा और न ही घर पहुँचा।
पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान सामने आ सके।
चैनपुर थाना प्रभारी राम शर्मा ने बताया कि यह मामला गंभीर है और कई कोणों से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने का दावा भी उन्होंने किया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

