Hazaribag News:- जिले के इचाक प्रखंड के जलौंध गांव में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक साढ़े तीन वर्षीय बच्चे का शव गांव में खड़ी एक कार के बोनट में फंसा मिला। मृतक की पहचान दीपक मेहता के पुत्र अनुभव कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अनुभव बुधवार शाम खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन रातभर घर नहीं लौटा। सुबह जब उसकी खोजबीन शुरू हुई तो गांव में खड़ी एक हुंडई कार के बोनट में उसका शव मिला। यह कार जलौंध निवासी अखिलेश कुमार मेहता की बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि अखिलेश बुधवार को इसी कार से हजारीबाग गए थे और शाम को लौटे थे। संदेह है कि लौटते समय कार की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई और बिना जानकारी के कार वहीं खड़ी कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही इचाक पुलिस मौके पर पहुंची, कार को जब्त किया और वाहन मालिक अखिलेश मेहता को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना से पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
