Koderma News:- कोडरमा थाना क्षेत्र के बेकोबार उत्तरी स्थित अम्बाटांड़ गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव के एक पानी भरे गड्ढे से 11 वर्षीय बालक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान पिन्टू कुमार (पिता पवन यादव) के रूप में की गई है। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की मां मधु देवी ने बताया कि 23 अक्टूबर की सुबह वह खेत में गाय को खूंटने गई थीं, इसी दौरान उनका बेटा पिन्टू अपने फुफेरे भाई पियूष के साथ घर से बाहर निकला था। दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। कई जगह तलाश और व्हाट्सएप ग्रुपों में फोटो वायरल करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।
कुछ लोगों ने बताया कि बच्चे को आखिरी बार घर के पास बने पानी भरे गड्ढे के आसपास देखा गया था। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और झग्गर डालकर खोज शुरू की। खोजबीन के दौरान झग्गर में कुछ फंसने पर जब उसे बाहर निकाला गया, तो उसमें पिन्टू का शव मिला। शव निकलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता पवन यादव, जो मैसूर (कर्नाटक) में काम करते हैं, को घटना की सूचना रात में दी गई। वे तुरंत घर लौट आए। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बेटे के कान और आंख से खून निकल रहा था, जिससे उन्होंने हत्या की आशंका जताई।
घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा थाना प्रभारी विकास कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बच्चे की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि मृतक चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और कक्षा छठी में पढ़ाई कर रहा था।

