Ranchi News:- झारखंड में बीते कुछ दिनों से सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ अब कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से उठा यह तूफान अपना असर खो रहा है, जिसकी वजह से राज्य के कई जिलों में हो रही लगातार बारिश थम गई है। शनिवार को मौसम आंशिक रूप से साफ रहा, हालांकि आसमान में बादल छाए रहे। रविवार से पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना जताई गई है।
तूफान के असर से पिछले 3-4 दिनों से झारखंड के अधिकतर जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड का असर बढ़ गया। रांची और आसपास के इलाकों में शनिवार को कभी धूप तो कभी बादल के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे ज्यादा बारिश धनबाद में 119.6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पुटकी में 90.8 मिमी, बरकट्ठा 86 मिमी, पालगंज 50 मिमी, कोनर डीवीसी 48.2 मिमी, पपकुनी 48.2 मिमी, पांकी 41 मिमी और तोपचांची में 39.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। डाल्टनगंज में 27.8 मिमी, नामकुम में 34 मिमी और गढ़वा में 38.6 मिमी बारिश हुई।
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 33.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री, जमशेदपुर में 30.7 डिग्री, बोकारो में 29.1 डिग्री और चाईबासा में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश रुकने के बाद अब राज्य में ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी और न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

