Bhagalpur News:- जिले के रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव स्थित काली मंदिर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 50 वर्षीय मछली विक्रेता मोहम्मद शकील की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य ग्रामीण दिलीप यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल से जा रहे मछली विक्रेता मोहम्मद शकील और पैदल जा रहे ग्रामीण दिलीप यादव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहम्मद शकील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप यादव को गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और दोनों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने शकील को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दिलीप यादव को प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
उधर, हादसे की जानकारी ग्रामीणों ने तुरंत रंगरा थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुँची। पुलिस की देरी से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने नाराजगी जाहिर की।
घटना के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुँचे। इसी बीच ग्रामीणों की सहायता से दुर्घटना का कारण बनी कार को कब्जे में ले लिया गया है। लोग मांग कर रहे हैं कि चालक को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

