Chaibasa News:- मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान देवघर जिले के रघुनाथपुर निवासी मो. सकीर अंसारी (20) के रूप में हुई है। आरोपित ने करलाजोड़ी निवासी परमेश्वर पुरती से जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने के नाम पर 16 लाख 92 हजार रुपये की ठगी की थी।
पीड़ित की शिकायत पर मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 185/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता 2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने ठगी में उपयोग हुए बैंक खातों को साइबर टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचना देकर तत्काल होल्ड कराया।
तकनीकी जांच, मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने मो. सकीर अंसारी को देवघर से गिरफ्तार किया। उसके पास से ओपो रेनो 12–5जी मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसे ठगी में इस्तेमाल किया गया था।
पूछताछ में सकीर अंसारी ने ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी अहम जानकारी उपलब्ध कराई है। पुलिस अब उसके सहयोगियों की तलाश में विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सकीर अंसारी इसके पहले भी वर्ष 2021 में देवघर साइबर थाना में दर्ज कई साइबर अपराधों में नामजद रह चुका है।

