Chaibasa News:- जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने साइबर ब्लैकमेलिंग के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए बिहार निवासी एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शादी का झांसा देकर एक युवती को न सिर्फ भावनात्मक रूप से ठग रहा था, बल्कि उसकी आपत्तिजनक तस्वीरों के आधार पर भारी रकम की मांग भी कर रहा था।
पीड़िता द्वारा लिखित शिकायत देने पर पूरा मामला सामने आया। उसने पुलिस को बताया कि औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र निवासी मो. शमसेर अली उर्फ मो. शमशेर आलम (39) से उसकी जान-पहचान लॉकडाउन के दौरान सोशल मीडिया पर हुई थी। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर बातचीत के जरिए आरोपी ने शादी का वादा कर उसका भरोसा जीता।
लेकिन वर्ष 2023 में आरोपी ने दहेज का बहाना बनाकर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद उसके परिवार ने उसकी शादी बिहार की एक दूसरी युवती से करा दी। इसके बावजूद वह लगातार पीड़िता से संपर्क में बना हुआ था। इसी दौरान उसने युवती का आपत्तिजनक कंटेंट तैयार कर लिया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इसके बाद आरोपी ने तस्वीरें हटाने और उन्हें आगे न फैलाने के नाम पर पीड़िता और उसके परिवार से 5 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। रकम नहीं देने पर और अधिक प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें फैलाने की धमकी दी, जिससे युवती मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई।
शिकायत के आधार पर कांड संख्या 73/25 दर्ज करते हुए आरोपी मो. शमसेर और उसके भाई निसार अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 77, 308(2), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(ई), 67 और 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट की मदद से 8 दिसंबर 2025 को आरोपी को उसके गांव बटूरी से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया, जिसमें पीड़िता की आपत्तिजनक सामग्री मिली। फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिए हैं।
जगन्नाथपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की व्यापक सराहना हो रही है, जिसने साइबर ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में एक युवती को न्याय और सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।

