Siwan News: जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। शुक्रवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देते हुए CSP संचालक को गोली मार दी और करीब पांच लाख रुपये लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सराय थाना क्षेत्र के बभनौली गांव स्थित रकीसहा पोखरा के पास यह वारदात हुई। घायल की पहचान कल्याणपुर निवासी अशोक पटेल के रूप में हुई है, जो एक्सिस बैंक का CSP संचालक है। बताया जा रहा है कि वह बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा किया और सुनसान जगह देखकर उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने बिना समय गंवाए उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अपराधी रुपये से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल अशोक पटेल को तुरंत सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसडीपीओ अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। वहीं, स्थानीय विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का हाल जाना।
पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात से लोगों में डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ गई है।