Latehar News:- झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने दहशत फैलाने की नीयत से हिंसक वारदात को अंजाम दिया। चमातू कोलियरी के पास खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात लगभग पांच से छह की संख्या में हथियारबंद अपराधी चमातू कोलियरी परिसर में दाखिल हुए। वहां खड़ी एक हाइवा और एक अन्य वाहन को पेट्रोल छिड़क कर आग के हवाले कर दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों का मानना है कि यह हमला रंगदारी वसूली के इरादे से किया गया। बीते कुछ दिनों से इस इलाके में आपराधिक गतिविधियों में इज़ाफा देखा जा रहा है। अपराधी लगातार क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में दहशत पैदा करने के लिए इस तरह की घटनाएं अंजाम दी जा रही हैं।
घटना के संबंध में लातेहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी हुई है।

