Hazaribag News:- हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड के पतरा पुल के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार अपराधियों ने दो सूकर व्यवसायियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी लुरूंगा गांव निवासी कुलेश्वर बेदिया और बैजू बेदिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन अपराधी एक बाइक पर सवार होकर आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कुलेश्वर बेदिया को एक गोली सीने में लग गई, जो अब भी उसके शरीर में फंसी हुई है। वहीं बैजू बेदिया के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई, जिससे वह भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीकरी ओपी के एसआई संजीव कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को केरेडारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने के कारण जेएलकेएम नेता बालेश्वर कुमार और केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार की पहल पर कुलेश्वर को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोली चलाने वाले तीनों अपराधी घटना के बाद बाइक से फरार हो गए। केरेडारी थाना और सीकरी ओपी की पुलिस टीमें मामले की गहराई से छानबीन में जुटी हैं।
बताया गया कि दोनों घायल युवक सूकर पालन का व्यवसाय करते हैं और इसी सिलसिले में कहीं जा रहे थे, जब यह हमला हुआ। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग भी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

