Nawada News:- नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर मुहल्ले में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चार नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी पर चाकू और पेंचकस से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में 65 वर्षीय सावित्री देवी की मौत हो गई, जबकि उनकी 27 वर्षीय बेटी प्रांजली पासवान गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का पटना में इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है।
हमले के दौरान सावित्री देवी की पुत्रवधू ने साहस दिखाते हुए अपने बच्चों को कमरे में बंद कर लिया, जिससे उनकी जान बच गई। परिजनों के अनुसार अपराधी हत्या के इरादे से ही घर में आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नवादा समाहरणालय के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ हुलास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

