Palamu News:- पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुई दिनदहाड़े हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शाहपुर नई मुहल्ला में कुछ अज्ञात अपराधियों ने पहले एक युवक का अपहरण किया और फिर तीन किलोमीटर दूर ले जाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान चैनपुर पठान मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय हसन अली, पिता इबरार हजाम (मिस्त्री) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब पांच अपराधी चैनपुर के अस्पताल चौक के पास पहुंचे, जहां हसन अली अपने परिचित विनय अग्रवाल के साथ बैठा था। अपराधियों ने दोनों की पिटाई की और हसन को जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए। तीन किलोमीटर दूर ले जाकर उसकी दोबारा पिटाई की गई, फिर चाकू से वार करने के बाद गले पर सटाकर गोली मार दी गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। शव शाहपुर नई मुहल्ला से बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कई सुराग जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में अपराधियों के हसन को ले जाते हुए देखा गया है।
चैनपुर थाना प्रभारी राम शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजा मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह आपसी रंजिश मानी जा रही है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि शाहपुर के सद्दाम नामक युवक ने इस घटना को अंजाम दिया है। बताया गया कि मृतक हसन अली पहले मुंबई में पेंटिंग का काम करता था और मोहर्रम के मौके पर अपने घर आया हुआ था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हसन का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड तो इस वारदात से जुड़ा नहीं है, क्योंकि वर्ष 2020 में वह एक हत्या कांड के आरोप में जेल जा चुका था।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने गश्ती बढ़ा दी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

