Dhanbad News:- धनबाद जिले के केन्दुआडीह थाना क्षेत्र के गोधर काली बस्ती में बुधवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान चचेरे भाई ने अपनी बहन को गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार की रात परिवार की महिलाओं के बीच किसी मामूली बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था। कहासुनी बढ़ते-बढ़ते दोनों पक्षों के पुरुष भी इसमें शामिल हो गए। इसी दौरान दीनदयाल कुमार नामक युवक ने आवेश में आकर पिस्तौल निकाल ली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी ने करीब तीन से चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसकी चचेरी बहन संगीता कुमारी की दाहिनी जांघ में जा लगी। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल संगीता की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायल संगीता ने पुलिस को बताया कि वह विवाद शांत कराने गई थी, लेकिन तभी उसके चचेरे भाई ने अचानक उस पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी दीनदयाल कुमार मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही केन्दुआडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि यह एक आपसी पारिवारिक विवाद का मामला है, जिसमें गोली चलने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की तलाश शुरू कर दी है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास (IPC की धारा 307) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है और लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

