Jmashedpur News:- सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित निराला पथ में सोमवार देर रात तीसरी शादी और धर्म परिवर्तन से जुड़ा विवाद अचानक बढ़ गया, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ घरेलू झगड़ा देखते-ही-देखते बस्ती में हंगामे का कारण बन गया। महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वर्ष 2012 में उसकी शादी कालू बागान निवासी एक मुस्लिम युवक से हुई थी। विवाह के समय उसने स्पष्ट कर दिया था कि वह न तो धर्म परिवर्तन करेगी और न ही प्रतिबंधित मांस का सेवन। बाद में उसे यह जानकारी मिली कि उसका पति पहले से दो शादियां कर चुका है। इसके बावजूद उसने वैवाहिक संबंध बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक सप्ताह पहले मायके लौट आई।
सोमवार की देर रात उसका पति अपनी मां और पहली पत्नी के बेटे के साथ महिला के मायके पहुंचा और जबरन उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। महिला ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते मोहल्ले के लोग महिला के समर्थन में जुट गए और मामला बिगड़कर हंगामे में बदल गया। इसी दौरान एक धार्मिक संगठन के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए, जिससे तनाव और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को भी तैनात किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। पुलिस और क्यूआरटी की सतर्कता के कारण वर्तमान में इलाके में शांति बनी हुई है।
