Bokaro News:- झारखंड के बोकारो जिले में अवैध हथियार और अंग्रेजी शराब निर्माण के गोरखधंधे का बड़ा खुलासा हुआ है। कोलकाता एसटीएफ, रांची एटीएस और बोकारो पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात जरीडीह बाजार के कलाली रोड स्थित एक मैरिज हॉल और गोदाम पर छापेमारी कर इस अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया।
पुलिस की छापेमारी कावेरी मैरिज पैलेस और उसके सामने स्थित गोदाम में की गई, जो सूरज साव के नाम पर बताया जा रहा है। यहां लंबे समय से मैरिज हॉल की आड़ में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा था। साथ ही, यहां नामी अंग्रेजी ब्रांड की नकली शराब भी भारी मात्रा में बनाई जा रही थी, जो छापेमारी के दौरान जब्त की गई।
कोलकाता एसटीएफ को काफी समय से इस नेटवर्क की जानकारी मिल रही थी। जानकारी के अनुसार, इन हथियारों को तैयार कर पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजा जाता था। छानबीन में यह भी सामने आया है कि यह गन फैक्ट्री काफी समय से सक्रिय थी और इससे पहले धनबाद के महुदा क्षेत्र में भी इसी तरह की एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ हो चुका है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार निर्माण के उपकरण, अधबने हथियार, कच्चा माल और नकली शराब के कई कार्टन जब्त किए। पुलिस अब इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई से न केवल एक बड़ा अवैध हथियार और शराब रैकेट ध्वस्त हुआ है, बल्कि सीमा पार भेजे जा रहे हथियारों की साजिश को भी समय रहते रोक लिया गया है।

