Dumka News:- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने शनिवार को दुमका दौरे के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार को हेमंत सोरेन नहीं, बल्कि कोयला, बालू, शराब और जमीन सिंडिकेट चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का जल, जंगल और जमीन अब पूरी तरह से इन माफियाओं के कब्जे में है।
रघुवर दास ने आरोप लगाया कि राज्य के सीओ ऑफिस से लेकर सीएमओ तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रधान सचिव रहे विनय चौबे तक जेल में हैं और ऐसे कई अधिकारी व मंत्री हैं जो पहले भी जेल जा चुके हैं। वर्तमान में भी पूर्व मंत्री आलमगीर आलम कमीशनखोरी के आरोप में जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में जब-जब झामुमो और कांग्रेस की सरकार आई, घोटाले बढ़े। भाजपा शासनकाल में बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा की सरकारों में कहीं कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ। रघुवर ने नियोजन नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी नीतियां बनाई जा रही हैं, जिससे राज्य का युवा भ्रमित और उलझा हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ठेकेदारों को उनकी योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि कमीशन के आधार पर काम दिया जा रहा है। आदिवासी हो या गैर-आदिवासी, किसी को भी इस सरकार से अब कोई उम्मीद नहीं है। कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और महिलाओं की सुरक्षा का हाल बेहद चिंताजनक है।
रघुवर दास ने यह भी मांग की कि राज्य में जल्द से जल्द पेसा कानून को लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इसका मसौदा तैयार है, बस कैबिनेट की मंजूरी की देर है। इससे गांवों में स्वशासन की नींव रखी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने के लिए चौपाल कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसमें रविवार को साहिबगंज के बरहेट में आयोजन किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उन्होंने परिसदन परिसर में योगाभ्यास भी किया।

