Ranchi News:- झारखंड की शीर्ष प्रशासनिक सेवा में बड़ा बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित समारोह में निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी को भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उनके योगदान और सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रशासन को नई दिशा दी और राज्य सरकार की योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलका तिवारी ने सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया। उनके मार्गदर्शन में राज्य की कई महत्वाकांक्षी योजनाएं सफलतापूर्वक लागू हुईं, जिससे विकास की रफ्तार तेज हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को लाभ पहुंचाती रहेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने झारखंड के नए मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पदभार ग्रहण करने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अविनाश कुमार की कार्यकुशलता, दूरदर्शिता और लंबे प्रशासनिक अनुभव से राज्य प्रशासन को और अधिक मजबूती मिलेगी। उनकी अगुवाई में सरकार की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी अलका तिवारी के योगदान को याद करते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में प्रशासनिक परंपराओं को और सुदृढ़ किया गया तथा पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी गई।
झारखंड में मुख्य सचिव का पद राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण पद माना जाता है। ऐसे में अविनाश कुमार के सामने विकास योजनाओं को गति देने, प्रशासन को और अधिक संवेदनशील बनाने और जनहित की प्राथमिकताओं को पूरा करने की चुनौती होगी।

