Chaibasa News:– पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने के गंभीर मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने सिविल सर्जन डॉ. सुशांतो कुमार मांझी, टेक्निशियन मनोज कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा कि राज्य सरकार इस घटना को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने पीड़ित बच्चों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और संक्रमित बच्चों के संपूर्ण इलाज की जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा उठाए जाने की घोषणा की है।
ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व चाईबासा ब्लड बैंक में एक थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ा दिया गया था। मामला सामने आने के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से गठित पांच सदस्यीय जांच टीम ने जब मामले की जांच की, तो बड़ा खुलासा हुआ — दरअसल केवल एक नहीं, बल्कि कुल पांच थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाया गया था।
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह अत्यंत गंभीर लापरवाही है और बच्चों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने कहा कि दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की भयावह घटना की पुनरावृत्ति न हो।

