Gaya News:- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को गयाजी जिले के चाकंद उच्च विद्यालय परिसर से एक साथ 899.46 करोड़ रुपये लागत की 10 महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का शिलान्यास किया उनमें 3.61 करोड़ की लागत से इमामगंज प्रखंड के बारा बांध का जीर्णोद्धार, 77.60 करोड़ की बतसपुर वियर योजना के तहत मोराटाल मुक्त पईन का चौड़ीकरण व पुनर्स्थापन, 349.22 करोड़ रुपये की नगर क्षेत्र स्थित मुफस्सिल मोड़ पर फ्लाईओवर, 90.16 करोड़ की लागत से गया-मानपुर रेलखंड पर आरओबी तथा 104.72 करोड़ की लागत से गया-परैया-गुरारू-औरंगाबाद-रफीगंज पथ चौड़ीकरण प्रमुख हैं।
इसी तरह 119.74 करोड़ से इमामगंज प्रखंड की कोठी से सलेया होते हुए झारखंड सीमा तक पथ का चौड़ीकरण, 58.45 करोड़ की लागत से बेलथू में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण, 41.60 करोड़ से कंडी नवादा पार्क एवं सिलौंजा पार्क का विकास, 39.82 करोड़ की लागत से बेला-पनारी रोड से अग्नि-शिवरामपुर-धनावां-शाकिर बिगहा तक सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण और 14.52 करोड़ से इमामगंज में डिग्री कॉलेज की स्थापना भी शामिल है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बेला-पनारी पथ का निरीक्षण किया और वहां आयोजित कार्यक्रम से 39.82 करोड़ की लागत वाली सड़क परियोजना का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनधारी, जीविका दीदियां और अन्य लाभुक मौजूद रहे।
लाभुकों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये करना ऐतिहासिक निर्णय है। वहीं 125 यूनिट मुफ्त बिजली से आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।
जीविका दीदियों ने भी अपने लिए किए गए कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में सबकी साझेदारी जरूरी है। उन्होंने अपील की—“आपस में मिलजुल कर रहें और राज्य को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।”

