अगले पांच दिनों में दक्षिणी-मॉनसून पश्चिम बंगाल के रास्ते झारखण्ड और बिहार में पहुंचने की संभावना है

Ranchi News: झारखंड के अधिकांश जिलों में 17 जून से हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने रविवार को दी है। विभाग के अनुसार 17 और 18 जून को राज्य के कुछ इलाको में भारी बारिश होने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 17 जून को जिन इलाकों में भारी बारिश की संभावना है उनमें उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी-पश्चिमी जिले और इससे सटे मध्यवर्ती इलाके हैं।साथ ही इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका है।
18 जून को जिन जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इनमें दक्षिण, मध्य और उत्तर-पूर्वी इलाके शामिल है। साथ ही कहीं-कहीं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गति से हवा चलने की आशंका है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में दक्षिणी-मॉनसून पश्चिम बंगाल के रास्ते झारखण्ड और बिहार में पहुंचने की संभावना है।
इधर, रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा। दोपहर बाद आंशिक बादल छाए रहे। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक बारिश लातेहार में 20 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटेनगंज में 40.2 में और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 35, जमशेदपुर में 36.5, डालटेनगंज में 40.2, बोकारो में 38.1 और चाईबासा में 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।