Ramgarh News:- रामगढ़ जिले में कोयला तस्करों के खिलाफ सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने सोमवार की रात बड़ी कार्रवाई की। रजरप्पा प्रक्षेत्र के जीएम कल्याणजी प्रसाद के नेतृत्व में की गई छापेमारी में अवैध कोयला लदे पांच हाईवा ट्रक पकड़े गए। यह पहली बार है जब सीसीएल की टीम ने गाड़ियों समेत तस्करों को खदेड़ कर सीधे कार्रवाई की है।
जीएम कल्याणजी प्रसाद ने बताया कि इस दौरान कोयला माफियाओं ने टीम पर हमला भी किया। दो हाईवा चालक सड़क पर कोयला गिराकर फरार हो गए, जबकि तीन हाईवा को लहरी टुंगरी जंगल क्षेत्र में खड़ा कर छोड़ दिया गया। इन सभी वाहनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पकड़े गए वाहनों में गाड़ी संख्या (ओडी 09 वी 1734), (जेएच 02 बीआर 2487), (जेएच 02 बीएम 7942), (जेएच 09 बीडी 6790), और (जेएच 02 बीएन 7942) शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान टीम को जंगल में छुपाकर रखे गए कोयले का एक विशाल भंडार भी मिला। बताया गया कि रॉ कॉल साइडिंग के पास जंगल में अवैध रूप से कोयला जमा किया गया था। यहां तस्करों ने गाड़ियों की आवाजाही के लिए रास्ते भी बना रखे थे, ताकि रात के अंधेरे में कोयला आसानी से लोड कर बाहर भेजा जा सके।
कार्रवाई के वक्त माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी की गई। ब्लैक रंग की एक थार कार (नंबर 0013) पर सवार लोग मौके पर पहुंचे और छापेमारी दल पर हमला कर दिया। उन्होंने टीम में शामिल अधिकारी चंद्रशेखर आजाद की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसके बावजूद सीसीएल की टीम ने मौके से गाड़ियां कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी।
सीसीएल प्रबंधन का कहना है कि यह छापेमारी अवैध कारोबारियों की कमर तोड़ने के उद्देश्य से की गई है। अब इस क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार करने वालों पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

