New Delhi News:- केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम राजकुमार मीणा है, जो अशोक विहार थाने में तैनात था। सीबीआई को शिकायत मिली थी कि एक सब-इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल ने एक व्यक्ति से उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज न करने के बदले तीन लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों ने सौदा दो लाख रुपये में तय किया और शिकायतकर्ता से कहा गया कि पहले एक लाख रुपये दे।
शिकायत पर सीबीआई ने योजना बनाकर जाल बिछाया। 25 अगस्त को जब शिकायतकर्ता आरोपी को पैसे देने गया, तभी सीबीआई की टीम मौके पर मौजूद थी। जैसे ही राजकुमार मीणा ने रिश्वत की राशि ली, उसे वहीं रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। एजेंसी अब यह भी पता लगा रही है कि इस रिश्वत प्रकरण में शामिल सब-इंस्पेक्टर की भूमिका क्या रही और क्या यह कोई संगठित नेटवर्क का हिस्सा है।
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साफ हो गया कि सीबीआई रिश्वतखोरी के मामलों पर कड़ी नजर रख रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।

