Rohtas News:- भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह की पत्नी और काराकाट विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी प्रभात कुमार के लिखित शिकायत पर की गई है।
एसडीएम प्रभात कुमार ने बताया कि 11 नवंबर को पूर्वाह्न 12:25 बजे विंध्यवासिनी होटल की जांच के दौरान यह पाया गया कि ज्योति सिंह के साथ चुनाव प्रचार के लिए बाहर से आए कई लोग होटल में ठहरे हुए थे, जबकि चुनाव प्रचार 9 नवंबर को ही समाप्त हो चुका था। इसे आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इस मामले पर ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से परेशान करने के लिए षड्यंत्र के तहत बिना किसी महिला फोर्स के उनके होटल में छापेमारी की गई। ज्योति सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान उन्हें घंटों तक परेशान किया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को बिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार ने धनगाई मतदान केंद्र परिसर में मीडिया को बाइट दिया। जबकि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि में प्रेस बाइट देना प्रतिबंधित है। एसडीएम ने अपने बयान में कहा कि ज्योति सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी।
इस घटना ने काराकाट विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल मचा दी है। एक ओर जहां प्रशासन इसे आचार संहिता का उल्लंघन बता रहा है, वहीं ज्योति सिंह इसे साजिश करार दे रही हैं। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद इस विवाद का रुख किस दिशा में जाता है।

