Palamu News:- पलामू जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रविवार रात तीन अज्ञात लुटेरों ने हैदरनगर के एक कार चालक का अपहरण कर लूटपाट की और उसकी हत्या करने की कोशिश की। चालक की पहचान पंसा गांव निवासी 35 वर्षीय विनय कुमार चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जिसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। घटना के अनुसार, विनय अपने एक रिश्तेदार को मेदिनीनगर के सेवा सदन अस्पताल में भर्ती कराने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रेहला थाना क्षेत्र के बी मोड़ के पास तीन युवकों ने कार को रुकवाया और चालक से कहा कि उन्हें किसी स्थान पर छोड़ना है। जब विनय ने मना किया तो लुटेरों ने अचानक ब्लेड से हमला कर दिया। गर्दन और हाथ पर चोट लगने के बाद डर से विनय ने उनकी बात मान ली।
लुटेरे कार को पाटन थाना क्षेत्र के कोरियाडीह लेकर गए। वहां उन्होंने विनय को कार से बाहर उतारा और उसके गले पर ब्लेड से वार किया। इसके बाद उसके मोबाइल फोन और पैसे लूट लिए। गंभीर रूप से घायल चालक को लुटेरे कार में बंद कर मौके से फरार हो गए।
सोमवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर कार पर पड़ी तो उन्होंने अंदर घायल व्यक्ति को देखा। ग्रामीणों ने तुरंत विनय को बाहर निकाला और उसे पुलिस के पास जाने की सलाह दी। इसके बाद वह किशनपुर ओपी पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने घायल चालक को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमआरएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पाटन और रेहला थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है और लोग देर रात अकेले सफर करने से बचने की बात कह रहे हैं।

