Koderma News:- कोडरमा जिला के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरौन पंचायत के बदुलिया गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने गांव के समीप बहने वाली सोती नदी के किनारे एक बछड़े का छीला हुआ चमड़ा, सिर और अन्य अंग झाड़ियों में पड़े हुए देखे। सबसे पहले इस दृश्य को उन ग्रामीणों ने देखा जो रोज की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए नदी की ओर गए थे।
उन्होंने देखा कि नदी किनारे खून फैला हुआ है और एक बछड़े का चमड़ा, आंतें और अन्य आंतरिक अंग बिखरे पड़े हैं। इसके अलावा थोड़ी दूरी पर उसी बछड़े का कटा हुआ सिर भी बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर उन्होंने अन्य ग्रामीणों को जानकारी दी।
घटना की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। इस नृशंस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोग इसे जानबूझकर धार्मिक भावना भड़काने या असामाजिक तत्वों की करतूत मान रहे हैं।
सूचना मिलने पर जयनगर थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
इस संवेदनशील मामले को लेकर प्रशासन सतर्क है और इलाके में किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

