Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक हादसे में महिला होमगार्ड जवान अनुराधा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ट्रेन की चपेट में आने से उनके दोनों पैर कट गए। घायल अनुराधा को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है अनुराधा कुमारी पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दुअरा गांव निवासी वीरेंद्र यादव की पुत्री हैं और वर्तमान में गिरिडीह में होमगार्ड के रूप में कार्यरत थीं। हाल ही में उनका कमान देवघर के लिए जारी हुआ था, जिसके तहत वह मेदिनीनगर होमगार्ड कार्यालय से कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए जा रही थीं।
पिता वीरेंद्र यादव ने बताया कि शुक्रवार को अनुराधा ट्रेन से मेदिनीनगर जा रही थीं। रास्ते में कोसीआरा रेलवे स्टेशन के पास किसी कारणवश वह ट्रेन से नीचे उतरीं और उसी समय दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि उनके दोनों पैर कट गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत बेहद नाजुक है और इलाज जारी है।
यह हादसा न सिर्फ एक जवान की सेवा यात्रा को बाधित कर गया, बल्कि पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल गया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी मदद या मुआवजे की घोषणा नहीं हुई है। घटना ने रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और सतर्कता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

