Koderma News:- जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक रांची जा रही बस पलटने से 11 लोग घायल हो गए। घटना अंगार मोड़ के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ, जब सतगावां से रांची जा रही सागर नामक बस मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस अक्सर तेज गति में चलती है, और इसी कारण मोड़ पर चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे यह हादसा हुआ।
हादसे में घायल लोगों में छात्र और स्थानीय निवासी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार अधिकांश छात्र हजारीबाग और रांची में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं। घायल यात्रियों में सचिन कुमार (18), रानी देवी (41), ब्रह्मदेव यादव (62), अंकित कुमार (20), रामस्वरूप यादव (55), काजल कुमारी (18), रिया कुमारी (17), दीपक कुमार (19), राहुल प्रियदर्शी (25), राजेश कुमार (24), ललिता कुमारी (29) शामिल हैं। इसी हादसे में सतगावां थाना में कार्यरत एसआई अरविंद सिंह, जो कोडरमा ट्रेनिंग के लिए बस में जा रहे थे, भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि बस की तेज गति और मोड़ का तीखा घुमाव हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। प्रशासन और स्थानीय लोग इस दुर्घटना को देखते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं।

