Ramgarh News:- रामगढ़ जिले में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जिले के छतर (कोठार के समीप) मुख्य मार्ग पर श्री गोकुल बस और एक ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक और बस की एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्री गोकुल बस बोकारो से रामगढ़ की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री वाहन के भीतर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। स्थिति को संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और यातायात बहाल कराया।
रामगढ़ पुलिस के अनुसार, हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और दर्जनों यात्री घायल हुए हैं। थाना प्रभारी और वरीय अधिकारी लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर कड़े यातायात नियम लागू करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

