Dumka News:- दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बबनखेता गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे की जान चली गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सुबह उस वक्त हुई जब तेज बारिश के कारण घर के कच्चे किचन की दीवार अचानक ढह गई।
मृतक की पहचान सात वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है, जो गांव के ही पप्पू यादव का बेटा था। वहीं, घायल बच्ची उसकी 12 वर्षीय बहन मौसम कुमारी है। बताया जा रहा है कि सुबह के समय मौसम किचन में चाय बना रही थी और उसका छोटा भाई अमन बिस्कुट लेकर उसके पास ही खड़ा था। तभी अचानक किचन की ईंट से बनी दीवार भरभराकर दोनों बच्चों पर गिर गई।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन और गांव के लोग मौके पर दौड़े और मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सरैयाहाट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मौसम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। घटना ने स्थानीय प्रशासन को भी झकझोर दिया है और कच्चे मकानों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

