Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कमलकेडिया गांव स्थित जगतपुरा-बेदानी मुख्य पथ पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतकों की पहचान हेमंत कुमार (30) और उनकी बड़ी बहन सत्यवती देवी (38) के रूप में की गई है। हेमंत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कुराइनपतरा पंचायत के सोंस गांव के रहने वाले थे, जबकि सत्यवती देवी मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के निमियां की निवासी थीं। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे।
दूसरी बाइक पर सवार तरहसी निवासी लाडले हसन और उनकी पत्नी बेदानी की ओर से मेदिनीनगर जा रहे थे। इसी दौरान जगतपुरा के पास दोनों बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों लोग सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और सभी घायलों को निजी एंबुलेंस से एमएमसीएच (मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल) पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हेमंत और सत्यवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि लाडले हसन और उनकी पत्नी का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह बिट्टू मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। उधर, मृतक के परिजनों के अस्पताल पहुंचते ही रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
छठ पूजा के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे इलाके की खुशियां मातम में बदल दीं। लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

