Chaibasa News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले में बैंक ऑफ इंडिया की गुवा शाखा में करोड़ों रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घोटाले में पूर्व शाखा प्रबंधक सुदीप सिंकु पर गंभीर आरोप लगे हैं। जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद गुवा थाना में मामला दर्ज किया गया है। मौजूदा शाखा प्रबंधक निलेश कुमार ने इस घोटाले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि जमशेदपुर कदमा शाखा के वरीय प्रबंधक विश्वजीत कुमार द्वारा की गई विशेष लेखा परीक्षा रिपोर्ट में गबन का खुलासा हुआ।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, एक जुलाई 2021 को गुवा शाखा में पदस्थापित रहे सुदीप सिंकु ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के खाते से बिना अनुमति दो करोड़ 14 लाख 81 हजार 192 रुपये का पे ऑर्डर भुगतान कर राशि को अपने नियंत्रण में ले लिया। यह पूरा लेन-देन नियमों के विरुद्ध किया गया था।
इसके अलावा, आरोप है कि 16 जनवरी 2023 को भी सुदीप सिंकु ने सेल की मंजूरी के बिना धोखाधड़ी कर उक्त राशि का लेन-देन अन्नु देवी, मनोज निषाद, पुनामी बोदरा और कन्हैया कुमार साव के खातों में किया। बाद में इन खातों से रकम की निकासी भी कर ली गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच तेजी से चल रही है। वहीं, आरोपित शाखा प्रबंधक सुदीप सिंकु को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अब खातों में रकम जमा करने और निकालने वाले व्यक्तियों से भी पूछताछ कर रही है।
यह मामला न केवल बैंकिंग प्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर भी गंभीर चिंताएं पैदा करता है। आम लोगों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रहे, इसके लिए बैंक प्रबंधन और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

