Nalanda News: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) अनुष्का कुमारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को बिहारशरीफ में की गई, जिससे सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले की शुरुआत खपुरा गांव के निवासी अजय कुमार की शिकायत से हुई। उन्होंने विजिलेंस विभाग को बताया कि उनके गांव में छठ घाट की सीढ़ी निर्माण योजना पंचायत समिति द्वारा अनुशंसित की गई थी। हालांकि, इस योजना को आगे बढ़ाने और संबंधित फाइल को खोलने के लिए बीपीआरओ द्वारा 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए, जिसके बाद अधिकारियों ने एक विशेष टीम का गठन कर जाल बिछाया। योजना के तहत अजय कुमार को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी अधिकारी के पास भेजा गया।जैसे ही अजय कुमार ने बीपीआरओ को 12 हजार रुपये दिए, पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने मौके पर छापेमारी कर अनुष्का कुमारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया को साक्ष्य के तौर पर दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले जाकर पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि आम जनता भी इस तरह के मामलों में आगे आकर शिकायत दर्ज कराए, ताकि व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जा सके।

