Palamu News:- पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। एक दलित विधवा महिला के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला अपनी मौसी के घर से लौट रही थी, तभी दोनों आरोपी उसे जबरन उठाकर पास की एक टूटी-फूटी झोपड़ी में ले गए और वहां बारी-बारी से उसका शारीरिक शोषण किया।
घटना के बाद महिला ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। परिवार की शिकायत पर छतरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों — पवन साव और संजय कुमार माली, दोनों निवासी बरडीहा — को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।
जिले की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि पीड़िता अपने पति के निधन के बाद मायके में रह रही थी। 25 जून को वह अपनी मौसी से मिलने गई थी। लौटते समय रास्ते में यह दर्दनाक घटना घटित हुई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करवाया है, और आगे की जांच जारी है।
एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा सके और समाज में अपराधियों के मन में डर पैदा हो।

