Ranchi News:- राजधानी रांची से आतंकी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में रांची के लोअर बाजार स्थित न्यू तबारक लॉज से आईएसआईएस से जुड़े संदिग्ध आतंकी अशरफ दानिश (23) को गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत बुंडू पंचायत का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अशरफ दानिश के पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, लैपटॉप, मोबाइल, 10,500 रुपये नकद सहित बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई केमिकल और मेटल बरामद किए। इनमें कॉपर शीट, नाइट्रिक एसिड, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट, सल्फर पाउडर, पीएच चेकर, बॉल बेयरिंग, वजन तौलने की मशीन, बीकर सेट, सेफ्टी ग्लव्स, मास्क और इलेक्ट्रॉनिक सर्किट शामिल हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल विस्फोटक तैयार करने के लिए किया जा सकता था।
एटीएस एसपी ऋषभ झा ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में 9 सितंबर को केस दर्ज किया था। आरोपी पर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने, समुदायों के बीच तनाव फैलाने और अवैध हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं। इसी सिलसिले में दिल्ली और झारखंड में कई जगह छापेमारी की गई।
गिरफ्तारी के बाद अशरफ दानिश को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया गया है। उसके नेटवर्क और संपर्कों की गहन जांच जारी है। इस दौरान दिल्ली से भी दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। एजेंसियों को शक है कि यह ग्रुप किसी आतंकी संगठन से जुड़कर देश में बड़ी वारदात की साजिश रच रहा था।
जानकारी के अनुसार दानिश रांची में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता अधिवक्ता हैं और मां शिक्षिका। परिवार के बाकी सदस्य पढ़ाई और नौकरी में व्यस्त हैं। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां बरामद किए गए रसायनों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही हैं, ताकि साजिश की पूरी परत खोली जा सके।

