Bokaro News:- बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की सबसे युवा और लोकप्रिय मुखिया सपना कुमारी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। उनके अचानक गायब होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर की दोपहर सपना कुमारी अपने घर से निकली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।
परिजन और पड़ोसी लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। काफी खोजबीन के बाद उनके पति आशीष कुमार ने गोमिया थाना में इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वे हर संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
सपना कुमारी पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया हैं और वर्ष 2022 में पहली बार चुनाव जीतकर इस पद पर आई थीं। कम उम्र में मुखिया बनने के बाद उन्होंने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों और जनसेवा के कारण तेजी से लोकप्रियता हासिल की थी। उनके अचानक लापता होने से पूरा इलाका सन्नाटे में है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई जनप्रतिनिधि बिना किसी पूर्व सूचना या विवाद के अचानक गायब हो गया हो। कुछ लोग इसे सियासी साजिश बता रहे हैं, जबकि अन्य इसे किसी अज्ञात कारणों से जुड़ी रहस्यमयी घटना मान रहे हैं।
इस घटना के बाद पुलिस ने आसपास के गांवों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। गोमिया थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में कई टीमें जुटी हैं और जल्द ही कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल सपना कुमारी के लापता होने की खबर से इलाके में चिंता और अफवाहों का माहौल है। लोग उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

