Koderma News:- नवलशाही थाना क्षेत्र के कोडरमा–गिरिडीह रेलखंड स्थित सिंहपुर रेलवे पुल के नीचे बुधवार देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बच्छेडीह गांव के कुछ बच्चे खेलने गए थे, तभी उन्होंने पुल के नीचे खून से सना शव देखा। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर नवलशाही थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति की हत्या कर उसे रेलवे पुल के नीचे फेंका गया है, ताकि घटना को रेल हादसे का रूप दिया जा सके।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

