Sahebganj News :- साहेबगंज जिले के भोगनाडीह में सिदो-कान्हू के वंशजों पर कथित लाठीचार्ज और गोलीबारी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आदिवासी सुरक्षा परिषद के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश हांसद ने किया। उन्होंने राज्य सरकार पर आदिवासी समाज के साथ दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आदिवासी वोट के नाम पर सत्ता में आती है, लेकिन जब वही आदिवासी अपने महापुरुषों के सम्मान में कार्यक्रम करने जाते हैं, तो उन पर लाठीचार्ज और गोली चलवाई जाती है।
हांसद ने सरकार से मांग की कि साहेबगंज के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगें नहीं मानीं, तो वे साहेबगंज में बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे और गांव-गांव जाकर राज्य सरकार की असलियत उजागर करेंगे।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने सिदो-कान्हू के वंशजों पर हुए हमले को पूरे आदिवासी समाज का अपमान बताया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा अंतिम सांस तक आदिवासियों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई और दोषी अधिकारियों की बर्खास्तगी, पीड़ित परिवारों को मुआवजा, और आदिवासी नेताओं को सुरक्षा देने की मांग की गई।

