Hazaribag News:- बाबूलाल मरांडी के परिवार के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार देर रात की है, जब उनकी पत्नी और बहु प्रीति किस्कू गिरिडीह से रांची जा रही थीं। इसी दौरान अमृत नगर समिति के कुछ सदस्यों ने न केवल उनके साथ अभद्र व्यवहार किया बल्कि विरोध करने पर चालक को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।
इस पूरे मामले को लेकर बाबूलाल मरांडी की बहु प्रीति किस्कू ने मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज बयान में उन्होंने बताया कि वह अपनी सास के साथ यात्रा कर रही थीं और अमृत नगर में रुकने के दौरान समिति के सदस्यों ने उन्हें घेर लिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो चालक पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना के वक्त मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद थे, बावजूद इसके आरोपियों ने बदसलूकी और मारपीट की। उन्होंने अमृत नगर पूजा समिति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी सुनील भास्कर ने हजारीबाग एसपी को तत्काल दोषियों की गिरफ्तारी कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के परिवार से जुड़े इस प्रकरण ने राजनीतिक हलचल भी तेज कर दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रशासन को मामले में त्वरित और सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता में कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रह सके।
स्थानीय स्तर पर अमृत नगर समिति की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब मामले की तहकीकात कर रही है और दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

