Ranchi News:- झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायकों ने सूर्या हांसदा के कथित फर्जी एनकाउंटर मामले को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए। तख्तियों पर लिखा था– “सूर्या हांसदा का खून व्यर्थ नहीं जाएगा, आदिवासी समाज मांग रहा है जवाब।” विधायकों ने कहा कि यह घटना न सिर्फ आदिवासी समाज, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गहरा आघात है।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा विधायक राज सिन्हा, नीरा यादव, डॉ. मंजू देवी और शत्रुघ्न महतो समेत कई अन्य ने किया। उनका कहना था कि सरकार इस मामले में चुप्पी साधे हुए है और प्रशासन पर आरोप है कि वह पूरे प्रकरण को दबाने की कोशिश कर रहा है।
विधायकों ने सरकार से मांग की कि सूर्या हांसदा एनकाउंटर की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने मामले की जांच जल्द शुरू नहीं की तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। उनका कहना था कि सूर्या हांसदा की मौत एक गंभीर सवाल खड़ा करती है कि आखिर कानून-व्यवस्था किस दिशा में जा रही है।
भाजपा विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से भी मांग की कि इस मुद्दे पर सदन में विशेष चर्चा कराई जाए, ताकि सच सामने आ सके और आदिवासी समाज का भरोसा बहाल हो। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन भाजपा ने साफ कर दिया कि न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

