Ranchi News:- राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के एडचोरो रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार देर रात अपराधियों ने एक स्कूटी सवार युवती को गोली मार दी। घटना में पतराचौली निवासी मनीषा तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें तुरंत रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनीषा कटहल मोड़ स्थित एक दवा दुकान में काम करती हैं। शनिवार रात ड्यूटी खत्म कर वह अपनी सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। सहेली को लादा चौक के पास उतारने के बाद जब वह अकेली एडचोरो की ओर बढ़ीं, तभी पीछे से बाइक पर आए एक युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वे मौके पर गिर पड़ीं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनीषा को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। मनीषा के भाई बबलू तिर्की ने बताया कि कुछ ही दिन पहले उनकी बहन की शादी लोधमा स्थित बरटोला गांव में तय हुई थी। परिवार के सदस्य शनिवार को मेहमानी कार्यक्रम में गए थे। लौटने पर उन्हें इस दर्दनाक वारदात की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस और ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना को तीन बाइक सवार अपराधियों ने अंजाम दिया। फायरिंग का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

