Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के कदमा थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार सुबह फार्म एरिया रोड नंबर-10 पर एक बार फिर अपराधियों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, एक महिला अपने देवर निलेश राव के साथ सुबह करीब 8:30 बजे पूजा कर घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर महिला की सोने की चेन छीन ली।
अचानक हुई इस वारदात से महिला और उसका देवर स्तब्ध रह गए। बताया गया कि झपट्टा मारने के दौरान चेन का एक हिस्सा महिला के पास रह गया, जबकि बाकी हिस्सा अपराधी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत भाजपा कदमा मंडल के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह को सूचना दी।
राजेश सिंह मौके पर पहुंचे और उनके सहयोग से पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ती छिनतई की घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। आम लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, अन्यथा भाजपा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक दिन पहले शुक्रवार को भी कदमा क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक कर रहे एक खिलाड़ी से चेन छिनतई की गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे सुबह-सुबह भी खुलेआम वारदात करने से नहीं डर रहे हैं।
इस मामले में डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

