Patna News:- बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो ट्रेन का परिचालन शुरू हो गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री खुद मेट्रो में बैठकर पहले सफर का अनुभव लिया। उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर वन के तहत पटना जंक्शन सहित छह भूमिगत मेट्रो स्टेशनों और 9.35 किलोमीटर लंबी सुरंग की आधारशिला भी रखी। उद्घाटन के बाद मेट्रो ट्रेन पाटलिपुत्र आईएसबीटी डिपो से निकलकर सबसे पहले न्यू आईएसबीटी स्टेशन पहुंची। फिलहाल मेट्रो का परिचालन न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से जीरो माइल और भूतनाथ स्टेशन तक किया जा रहा है।
पटना मेट्रो का संचालन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा, और यात्रियों की सुविधा के लिए हर 20 मिनट में ट्रेन उपलब्ध रहेगी। प्रतिदिन मेट्रो 40-42 फेरे लगाएगी। तीन कोच वाली मेट्रो रैक में कुल 945 यात्रियों की क्षमता है, जिसमें प्रत्येक कोच में करीब 305 यात्री सफर कर सकते हैं। महिलाओं और दिव्यांगों के लिए हर कोच में 12 आरक्षित सीटें रखी गई हैं।
किराए की बात करें तो आईएसबीटी से जीरो माइल का किराया 15 रुपये, और न्यू आईएसबीटी से भूतनाथ स्टेशन का किराया 30 रुपये रखा गया है। मेट्रो के कोचों को मधुबनी पेंटिंग से सजाया गया है, जिसमें बिहार की सांस्कृतिक धरोहर जैसे गोलघर, महावीर मंदिर, महाबोधि वृक्ष, बुद्ध स्तूप और नालंदा खंडहर के आकर्षक चित्र स्टिकर के रूप में दिखाए गए हैं।
पटना मेट्रो के परिचालन के साथ ही राजधानी में आधुनिक और सुविधाजनक यातायात का नया युग शुरू हो गया है, जो रोजमर्रा की यात्रा को तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनाएगा। इस साल मेट्रो का विस्तार खेमनीचक और मलाही पकड़ी तक किया जाएगा।

