Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) आज देर शाम तक सीट बंटवारे का ऐलान कर सकता है। गठबंधन में शामिल जदयू, भाजपा, लोजपा (रामविलास), हम (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के बीच लगभग सहमति बन चुकी है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि राजग में सबकुछ ठीक है और आज सीट बंटवारे की घोषणा कर दी जाएगी। वहीं भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने भी बताया कि “मुख्य रूप से सहमति बन चुकी है, बहुत जल्द सब कुछ तय हो जाएगा।”
यह घटनाक्रम नई दिल्ली में अमित शाह, जेपी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मैराथन बैठक के बाद सामने आया है। सूत्रों के अनुसार,
जदयू गठबंधन का नेतृत्व करते हुए 101 या 102 सीटों पर चुनाव लड़ेगा,
भाजपा को एक सीट कम मिल सकती है,
लोजपा (रामविलास) को 26 सीटें,
हम (सेक्युलर) को 7 सीटें,
और आरएलएम (उपेंद्र कुशवाहा) को 6 सीटें मिलने की संभावना है।
इधर, विपक्षी महागठबंधन (राजद, कांग्रेस, वाम दल और वीआईपी) में सीट बंटवारे को लेकर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। हालांकि, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शिशिर जी ने कहा कि महागठबंधन की ओर से सोमवार तक सीटों का ऐलान कर दिया जाएगा।

